क्योटो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे से मुलाकात दो देशों की परंपरा और संस्कृति का मिलन साबित हुई जिसमें आबे ने अतिथि के साथ मिलकर जापानी परंपरा के मुताबिक मछलियों को दाना खिलाया तो मोदी ने भगवद गीता भेंटकर निष्काम कर्म का संदेश टोक्यो को दिया।
आबे और मोदी के बीच रात्रिभोज के दौरान परंपराओं के इस संगम के बीच विभिन्न मुद्दों पर भी बातचीत हुई। इनमें असैन्य परमाणु करार, रक्षा, व्यापार और बुलेट ट्रेन शामिल थे। प्रधानमंत्री के शिष्टमंडल में शामिल अधिकारियों के अनुसार दोनों नेताओं ने परंपरागत खाने की मेज पर जापानी व्यंजनों का लुत्फ उठाया और दोनों के बीच परस्पर सम्मान, सद्भाव और गर्मजोशी दिखाई दी। प्रमुख मुद्दों पर दोनों के विचारों में भी समानता नजर आई।
दोनों प्रधानमंत्रियों ने भारत और जापान के बीच प्राचीन सांस्कृतिक और धार्मिक संबंधों पर भी चर्चा की। उनका मानना था कि मोदी की जापान की सांस्कृतिक राजधानी क्योटो से शुरू हुई यह यात्रा दोनों देशों के बीच के संबंधों के आध्यात्मिक आधार को दर्शाती है।
काशी को क्योटो की तर्ज पर स्मार्ट शहर बनाने के लिए दोनों प्रधानमंत्रियों की मौजूदगी में आज शाम को हुआ समझौता यह दर्शाता है कि दोनों देश अपनी विरासत की मजबूती के आधार पर मौजूदा चुनौतियों से निपटने में एक दूसरे के साथ सहयोग की आकांक्षा रखते हैं।
प्रधानमंत्री आबे ने बड़े उत्साह के साथ भारत के बारे में अपनी बात रखी और एशिया में भारत-जापान के महत्व पर प्रकाश डाला। मोदी ने जापान को भारत का घनिष्ठ और महत्वपूर्ण साझीदार बताया। उन्होंने जापान से अपने लगाव और दोनों देशों के संबंधों से अपनी उम्मीदों के बारे में भी जानकारी दी।
बातचीत के दौरान विभिन्न आर्थिक मुद्दों पर चर्चा के साथ-साथ दोनों अर्थव्यवस्थाओं को गति देने और मजबूत बनाने के तरीकों पर भी बात हुई। दोनों पक्षों में भारत-जापान भागीदारी को भविष्य में और प्रगाढ बनाने के प्रति काफी उत्साह दिखाई दिया। मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत बनाने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों अगले पांच साल में इन संभावनाओं से अधिक से अधिक फायदा उठाने का भरपूर प्रयास करेंगे।
दूसरे अपडेट पाने के लिए IBNKhabar.com के Facebook पेज से जुड़ें। आप हमारे Twitter पेज को भी फॉलो कर सकते हैं।
IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!
अब IBN7 देखिए अपने आईपैड पर भी। इसके लिए IBNLive का आईपैड एप्स डाउनलोड कीजिए। बिल्कुल मुफ्त!
0 comments:
Post a Comment