नई दिल्ली। उद्योगपति और भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण के अध्यक्ष नंदन नीलेकणि ने इन अटकलों को कोरी बकवास बताया है कि वह कांग्रेस के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार हो सकते हैं। नीलेकणि ने इन अटकलों का खंडन करते हुए कहा कि यह कोरी बकवास है और किसी अति उत्साही दिमाग की उपज है। कांग्रेस ने भी इसे अफवाह बता कर इसका खंडन किया है।
कांग्रेस प्रवक्ता पी सी चाको ने कहा कि जानबूझ कर ऐसी अफवाहें उड़ाई जा रही है। चार विधानसभाओं के चुनाव में पार्टी को आघात लगा है और हम अगले चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के नेतृत्व में पार्टी एकजुट है और उनके नेतृत्व में ही पार्टी चुनाव में उतरेगी। प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के बारे में गांधी खुद कह चुकी हैं कि उचित समय पर उम्मीदवार के नाम की घोषणा की जाएगी।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के नाम की उचित समय पर घोषणा करने के बयान के बाद से विभिन्न नामों को लेकर अटकलें लगनी शुरू हो गई हैं। मीडिया में ऐसी खबर आई थी कि भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी का मुकाबला करने के लिए कांग्रेस नीलेकणि को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बना सकती है। उन्हें गांधी परिवार के अत्यंत निकट माना जाता है। जिन अन्य नामों की चर्चा है उनमें वित्त मंत्री पी.चिदम्बरम, रक्षा मंत्री ए के एंटनी, गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे के नाम भी शामिल है।
चार राज्यों के विधानसभा चुनावों में करारी शिकस्त के बाद रविवार को सोनिया गांधी ने कहा था कि पार्टी चुनाव परिणामों पर आत्म चिंतन करेगी। यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस अगले लोकसभा चुनाव के लिए अपने प्रधानमंत्री के उम्मीदवार का नाम घोषित करेगी। उन्होंने कहा था कि उचित समय पर नाम की घोषणा की जाएगी।
जनता दल यू के सांसद शिवानंद तिवारी ने कहा कि कांग्रेस का नीलकेणि को उम्मीदवार बनाने का फैसला उसके लिए आत्मघाती साबित होगा। तिवारी ने कहा कि कौन हैं नंदन निलकणी? कांग्रेस आत्महत्या करने पर उतारू है तो ठीक है। कौन जानता है उनको कुछ अंग्रेजी जानने वाले लोगों के अलावा।
बीजेपी नेता कीर्ति आजाद ने व्यंग्य के साथ पूछा कि– कौन है ये नंदन निलकेणि? वहीं बीजेपी नेता कलराज मिश्रा ने इस बारे में कहा कि राहुल गांधी को जनता ने नकार दिया है। कांग्रेस में नेता के नाम पर चर्चा चल रही है। देखना होगा कि कांग्रेस क्या करती है। अब कांग्रेस को 2014 के लिए पराजय स्वीकार कर लेनी चाहिए।
IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!
अब IBN7 देखिए अपने आईपैड पर भी। इसके लिए IBNLive का आईपैड एप्स डाउनलोड कीजिए। बिल्कुल मुफ्त!
0 comments:
Post a Comment