Monday, 8 September 2014

बाढ़ से घाटी में हाहाकार, सरकार से ...




श्रीनगर। जम्मू से कटरा में फिर से बारिश शुरू हो गई है। जम्मू से वैष्णो देवी यात्रा फिर रोक दी गई है। बाणगंगा से 10 हजार श्रद्धालुओं को वापस भेज दिया गया है। चार दिन बंद रहने के बाद आज सुबह की वैष्णो देवी की यात्रा शुरू हुई थी। फिलहाल अगली सूचना तक के लिए इस यात्रा को रोक दिया गया है।


वहीं श्रीनगर में बाढ़ में फंसे लोग प्रशासन की अनदेखी से बेहद नाराज हैं। संवाददाता खालिद हुसैन ने हालात का जायजा लिया और लोगों से बात की। खालिद के मुताबिक अब लोग कश्तियों के सहारे अपना सामान निकाल रहे हैं। कोई पुलिस वाला हमने यहां नहीं देखा। यही आलम पूरे श्रीनगर का है। किसी को अपने परिवार की कोई खबर नहीं है।


श्रीनगर में बारिश तो थम चुकी है, लेकिन बाढ़ के जख्म अभी तक टीस रहे हैं। घरों में बाढ़ का पानी घुसा हुआ है। लोग जान बचाने के लिए अपने घर छोड़कर सुरक्षित जगहों पर शरण लिए हुए हैं। संवाददाता खालिद हुसैन ऐसे ही एक इलाके में पहुंचे जहां के लोग अपना घर छोड़कर कहीं और चले गए हैं।


श्रीनगर में हर तरफ पानी भर गया है। शहर की तमाम मुख्य सड़कों पर पानी आने से सभी रास्ते बंद हो गए हैं। प्रशासन भी लोगों की कोई मदद नहीं कर पा रहा है, जिससे लोगों में सरकार और प्रशासन को लेकर काफी गुस्सा है।


श्रीनगर में स्थानीय लोगों का तो बुरा हाल है ही लेकिन यहां घूमने आए सैलानियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे ही कुछ सैलानियों से बात की संवाददाता अमित चौधरी ने। वहीं, प्रशासन की मदद की आस देख रहे लोग अब खुद ही अपनी मदद कर रहे हैं। स्थानीय नौजवान सड़कों पर उतरकर बाढ़ में फंसे लोगों की मदद कर रहे हैं। संवाददाता खालिद हुसैन ने इनसे भी बात की।


जम्मू के 82 बच्चे फंसे


वहीं कश्मीर में जम्मू के 82 बच्चे फंसे हुए हैं। ये सभी बच्चे स्पोर्ट्स टूर गए थे लेकिन अभी तक नहीं लौट सके हैं। बच्चों के परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। जम्मू-कश्मीर में स्पोर्ट्स टूर पर जम्मू के 82 बच्चे फंस चुके हैं और परिजन जम्मू में चिंता में डूबे हुए हैं। इनका आरोप है कि पिछले तीन दिन से बच्चे हॉस्टल मे फंसे हैं और उनके पास खाने के लिए भी कुछ नहीं है। हमारी मांग है कि सरकार उन्हें हेलीकॉप्टर से तुंरत जम्मू पहुंचाए। परिजनों ने जम्मू तवी पुल बंद कर काफी देर तक प्रदर्शन किया।


मौसम विभाग बेबस


इस बीच मौसम विभाग की चेतावनी को लेकर विवाद गरमाता जा रहा है। जम्मू-कश्मीर सरकार का कहना है कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि बारिश से इतनी तबाही मचेगी। राज्य सरकार का कहना है कि मौसम विभाग ने उन्हें गंभीर चेतावनी नहीं दी थी। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि उसने पहले ही कश्मीर घाटी में भारी बारिश की चेतावनी दे दी थी।


गृहमंत्री राजनाथ सिंह का भी कहना है कि मौसम विभाग ने पहले ही कश्मीर में भारी बारिश की चेतावनी दी थी, लेकिन किसी को ये अंदाजा नहीं था कि हालात इनते बिगड़ जाएंगे।


अगर आपके पास जम्मू-कश्मीर में आई बाढ़ से जुड़े फोटो या वीडियो हैं तो तस्वीरें या वीडियो हमें editor@ibnkhabar.com पर ईमेल करें। अगर बाढ़ से जुड़ी कोई जानकारी हो तो IBNKHABAR.COM या फेसबुक पर बताएं।


दूसरे अपडेट पाने के लिए IBNKhabar.com के Facebook पेज से जुड़ें। आप हमारे Twitter पेज को भी फॉलो कर सकते हैं।


IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!


अब IBN7 देखिए अपने आईपैड पर भी। इसके लिए IBNLive का आईपैड एप्स डाउनलोड कीजिए। बिल्कुल मुफ्त!






Categories:

0 comments:

Post a Comment