Thursday, 11 September 2014

लव जेहाद पर कैसे मचा सियासी घमासान?




नई दिल्ली। यूपी में उपचुनाव से पहले लव जेहाद एक बड़ा मुद्दा बना हुआ है। पढ़ें, पिछले करीब एक महीने से लव जेहाद को लेकर कहां और कैसे सियासी घमासान मचा हुआ है।


एक महीना पहले अचानक मेरठ की एक लड़की की कहानी हर तरफ के मीडिया में सुर्खियों में आ गई। लड़की ने आरोप लगाया था कि एक मुस्लिम लड़के ने अपहरण करके उसका जबरन धर्म परिवर्तन करा दिया। पश्चिमी उत्तर में दंगों के बाद लगातार बना रहनेवाला तनाव इस खबर से और बढ़ गया। सभी का ध्यान पीड़ित लड़की के आरोप पर था।


आरोप के बाद सियासी हंगामा मचा तो दबाव में आई पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस को लड़की के दावे कमजोर लगे। बात अपहरण की कम और प्रेम की ज्यादा लग रही थी। लेकिन इस एक मामले ने उत्तर प्रदेश में लव जेहाद की खबरों को सियासी दलों और मीडिया के लिए सबसे अहम बना दिया।


पिछले कुछ हफ्तों में यूपी के अलग-अलग जिलों से लव जेहाद के तथाकथित मामलों की बाढ़ सी आ गई है। अखबारों और सोशल मीडिया में अमूमन हर रोज ऐसे मामले आ रहे हैं जिसमें खुलासा किया जा रहा है कि कैसे एक मुस्लिम लड़के ने हिंदू लड़की को झूठ बोलकर अपने प्यार में फंसाया और फिर धर्मपरिवर्तन कराके उससे शादी कर ली।


इन खबरों के बीच ही उत्तर प्रदेश में बीजेपी ने उपचुनाव में प्रचार की कमान गोरखपुर से अपने सांसद योगी आदित्यनाथ को सौंप दी। प्रचार के दौरान ही आदित्यनाथ ने लव जेहाद पर बयान दिया कि अब कोई जोधा-अकबर के घर नहीं जाएगी।


आदित्यनाथ के इस बयान पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया। उनके कुछ पुराने वीडियो भी निकलकर सामने आने लगे। लव जेहाद के नाम पर तनाव बढ़ाने के काम भड़काऊ पर्चों ने भी किया। मैनपुरी में बुधवार को जनता के बीच बांटे जा रहे पर्चों में धार्मिक उन्माद फैलाने के लिए नफरत की भाषा का भरपूर इस्तेमाल किया गया है। पर्चों पर विश्वहिंदू परिषद का नाम लिखा हुआ था। हालांकि उसने ये पर्चे छपवाने से साफ इनकार कर दिया है। हमेशा की तरह प्रशासन ने इस मामले की भी जांच शुरू करा दी है।


दूसरे अपडेट पाने के लिए IBNKhabar.com के Facebook पेज से जुड़ें। आप हमारे Twitter पेज को भी फॉलो कर सकते हैं।


IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!


अब IBN7 देखिए अपने आईपैड पर भी। इसके लिए IBNLive का आईपैड एप्स डाउनलोड कीजिए। बिल्कुल मुफ्त!






Categories:

0 comments:

Post a Comment