जोधपुर। नाबालिग लड़की के साथ यौन शोषण मामले में आरोपी आसाराम के मुख्य सेवादार शिवा के मोबाइल से पुलिस को मिली क्लिपिंग से बनाई गई सीडी और मेमोरी कार्ड को बुधवार को अभियोजन पक्ष की ओर से अदालत में पेश किया गया। अदालत ने इसकी एक-एक कॉपी आरोपियों को देने के निर्देश दिए हैं।
जोधपुर जिला एवं सत्र न्यायालय (ग्रामीण) के न्यायाधीश मनोज कुमार व्यास के समक्ष आसाराम सहित सभी आरोपियों को पेश किया गया। इस मामले पर गुरुवार को भी सुनवाई होगी। बचाव पक्ष की ओर से कोर्ट में अर्जी पेश कर शिवा के मोबाइल की क्लिपिंग की सीडी उपलब्ध कराने की मांग की गई थी। अदालत ने उनकी अर्जी स्वीकारते हुए आज सभी को सीडी कॉपी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
इस मामले के सह आरोपी शिवा और शिल्पी की ओर से निचली अदालत द्वारा लिए गए संज्ञान में लगाई गई धाराओं को चुनौती देते हुए हाई कोर्ट में निगरानी याचिका पेश की गई है। इस पर हाई कोर्ट की न्यायाधीश निर्मलजीत कौर ने आज सुनवाई की। अगली सुनवाई की तिथि 16 दिसंबर तय की गई है।
गौरतलब है कि जोधपुर के पास मणाई आश्रम में बीते 15 अगस्त को उत्तर प्रदेश की एक नाबालिग लड़की के साथ आसाराम द्वारा यौन शोषण करने का मामला 20 अगस्त को पीड़िता के परिजनों ने दिल्ली के कमला मार्केट थाने में दर्ज कराया। वहां से प्राथमिकी जोधपुर पुलिस के पास जांच के लिए भेजी गई। पुलिस ने 31 अगस्त की रात में आसाराम को इंदौर स्थित आश्रम से गिरफ्तार किया और एक दिन का रिमांड लेने के बाद न्यायिक अभिरक्षा मे भिजवा दिया। आसाराम और उनके चार सहयोगी जोधपुर जेल में हैं।
IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!
अब IBN7 देखिए अपने आईपैड पर भी। इसके लिए IBNLive का आईपैड एप्स डाउनलोड कीजिए। बिल्कुल मुफ्त!
0 comments:
Post a Comment