Sunday 8 December 2013

सोनिया-राहुल ने कहा, कांग्रेस को है ...




नई दिल्ली। देश के चार विधानसभा चुनावों में मिली ऐतिहासिक हार से कांग्रेस सदमे में है। पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी इस करारी हार के बाद मीडिया के सामने आए और कहा कि कांग्रेस को आत्ममंथन की जरूरत है।


सोनिया ने कहा कि हम नतीजे से निराश हैं और विनम्रता से हार को स्वीकार करते हैं। हम अपने विपक्षियों को बधाई देते हैं। हम अपने उन कार्यकर्ताओं का भी शुक्रिया अदा करते हैं जिन्होंने हमारे प्रचार अभियान में हिस्सा लिया। सोनिया ने कहा कि ऐसे चुनाव नतीजों के कई कारण हैं। मैं जानती हूं कि लोग नाखुश हैं यही वजह है कि इस तरह के चुनाव परिणाम आए। महंगाई भी एक मुद्दा है। राजस्थान और दिल्ली में सरकारों ने अच्छा काम किया लेकिन हम आत्ममंथन करेंगे।


सोनिया ने कहा कि इन चुनाव नतीजों को लोकसभा चुनाव के नतीजों से जोड़कर देखना सही नहीं होगा। राज्यों के चुनाव स्थानीय नेताओं के व्यक्तित्व और मुद्दों पर लड़े जाते हैं। राष्ट्रीय स्तर पर चुनाव में जनता देखेगी कि कौन उन्हें सही नेतृत्व दे सकता है। सोनिया ने कहा कि जब समय आएगा तो कांग्रेस अपना पीएम कैंडीडेट घोषित करेगी।


कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि इन चुनावों के माध्यम से हमें एक मैसेज मिला है और उस मैसेज को मैंने और कांग्रेस ने दिमाग से नहीं बल्कि दिल से भी सुना है। कांग्रेस जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने में सक्षम है और पार्टी इसमें कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी।


राहुल गांधी ने कहा कि जनता की आवाज सुनना हमारा कर्तव्य है और जो जनता ने कहा है वो हमने सुना है। शीला दीक्षित ने दिल्ली में काफी काम किया लेकिन दिल्ली की दोनों बड़ी पार्टियां परंपरागत तरीके से राजनीति कर रही थीं। मैं समझता हूं कि आप ने ज्यादा से ज्यादा लोगों को खुद से जोड़ा जो हमने नहीं किया। हम उससे ये सीखेंगे और ज्यादा बेहतरी से करेंगे।


IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!


अब IBN7 देखिए अपने आईपैड पर भी। इसके लिए IBNLive का आईपैड एप्स डाउनलोड कीजिए। बिल्कुल मुफ्त!






Categories:

0 comments:

Post a Comment