नई दिल्ली। बारिश ने भारत ही नहीं पड़ोसी पाकिस्तान में भी कहर बरपा कर रखा है। मूसलधार बारिश के चलते आई बाढ़ में 150 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है और 148 के करीब घायल बताए जा रहे हैं। बाढ़ का सबसे ज्यादा असर पाक अधिकृत कश्मीर और पंजाब में देखा जा रहा है। वहां भी बाढ़ प्रभावित इलाकों से लोगों को निकालने के लिए सेना के जवानों को लगाया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान सरकार को पाक अधिकृत कश्मीर के लोगों की हर संभव मदद का भरोसा दिया है।
कुदरत के कहर ने पड़ोसी पाकिस्तान का भी हाल बेहाल कर रखा है। पंजाब और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में हालात बद से बदतर हो गए हैं। बारिश बुधवार को शुरू हुई थी जो रुक-रुक कर अलग-अलग हिस्सों में अब भी जारी है। बाढ़ के चलते गांव के गांव टापू बने हुए हैं। लोगों ने जान बचाने के लिए पेड़ों पर शरण ले रखी है। जिन्हें नावों के सहारे बचाकर बाहर निकाला जा रहा है।
पाक अधिकृत कश्मीर के गिलगित-बलतिस्तान के इलाके सबसे अधिक प्रभावित बताए जा रहे हैं। वहीं पंजाब में रावलपिंडी, गुजरांवाला और लाहौर में सबसे अधिक तबाही मची है। चेनाब और झेलम नदी का जलस्तर बढ़ने के चलते रावलपिंडी में नहरें उफान पर हैं। मंगला जलाशय और कुछ नहरों में भी उफान आ गया है। पाकिस्तान सरकार ने फंसे हुए लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का भरोसा दिया है।
जम्मू कश्मीर के दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान के बाढ़ प्रभावित इलाके के लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। यही नहीं उन्होंने पाकिस्तान सरकार को भरोसा दिया है कि जो भी मदद होगी वो दी जाएगी।
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने भी इन बिगड़े हालात के मद्देनजर अधिकारियों के साथ बैठक की है। पाकिस्तान की नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के चेयरमैन मेजर जनरलव मुहम्मद सईद आलम शरीफ को लगातार ताजा हालात से वाकिफ करा रहे हैं।
दूसरे अपडेट पाने के लिए IBNKhabar.com के Facebook पेज से जुड़ें। आप हमारे Twitter पेज को भी फॉलो कर सकते हैं।
IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!
अब IBN7 देखिए अपने आईपैड पर भी। इसके लिए IBNLive का आईपैड एप्स डाउनलोड कीजिए। बिल्कुल मुफ्त!
0 comments:
Post a Comment