Thursday, 6 March 2014

10 साल बाद आकर पूछना, मैंने देश के लिए ...




नई दिल्ली। राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनने की जल्दबाजी में नहीं हैं। ये बात किसी और ने नहीं खुद राहुल गांधी ने कही। मुंबई में पत्रकारों से बात करते हुए राहुल ने कहा कि वे एक मकसद लेकर आगे बढ़ रहे हैं, जिसका असर आने वाले 10-15 साल में दिखाई देगा। लोकसभा चुनाव कांग्रेस फिर जीतेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि गुजरात के विकास के बारे में नरेंद्र मोदी झूठ बोलते हैं और वंशवाद बीजेपी में भी है।


महाराष्ट्र में दो दिन के दौरे पर पहुंचे राहुल गांधी ने गुरुवार को पत्रकारों के सामने अपना दिल खोला। उन्होंने साफ कहा कि प्रधानमंत्री बनना उनकी प्राथमिकता नहीं है। उनके मुताबिक वे पार्टी की चुनाव प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष भले हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी में उनकी सभी बातें नहीं मानी जातीं।


राहुल ने कहा कि मैं पीएम बनने की जल्दबाजी में नहीं हूं। मैं चुनाव जीतने की जल्दबाजी में नहीं हूं। मैं एक सोच लेकर आगे बढ़ रहा हूं। लोगों को अधिकार देना चाहता हूं। इसमें थोड़ा वक्त लगेगा। 10-15 साल बाद आप आकर पूछना कि मैंने इस देश के लिया क्या किया है। अगर आपको लगता है कि, कांग्रेस में मेरी सारी बात मानी जाती हैं तो आप गलत हैं। मैं धीरे-धीरे पार्टी में बदलाव लाने की कोशिश कर रहा हूं।


राहुल गांधी ने विश्वास जताया कि इस बार का लोकसभा का चुनाव भी कांग्रेस ही जीतेगी। राहुल ने बीजेपी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी और केजरीवाल पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मोदी गुजरात के विकास की जो बातें करते हैं, वो पूरी तरह झूठी हैं। गुजरात का विकास वहां के लोगों की वजह से है।


राहुल ने कहा कि सत्ता कभी भी एक आदमी के हाथ में नहीं होनी चाहिए। कांग्रेस ने हमेशा आम आदमी के बारे में सोचा और उसके लिए काम किया है। लेकिन अब दूसरे राजनीतिक दल आम आदमी को मुद्दा बनाकर राजनीति कर रहे हैं। राहुल ने कहा कि वशंवाद सिर्फ कांग्रेस पार्टी में नहीं है। बीजेपी के नेताओं के बेटे भी राजनीति में हैं। महाराष्ट्र में ठाकरे परिवार भी वंशवाद का नमूना है।


इस मौके पर राहुल गांधी ने मुंबई के वर्सोवा इलाके में कोली समाज के लोगों के साथ मुलाकात की। राहुल गांधी ने कहा कि मैंने यहां के लोगों की बातें सुनी हैं। उनकी समस्याओं का समाधान करने की कोशिश करूंगा। लेकिन आदर्श घोटाले के आरोपी अशोक चव्हाण के साथ बुधवार को हुई रैली में मंच साझा करने के मसले पर राहुल गांधी ने कोई जवाब नहीं दिया।


दूसरे अपडेट पाने के लिए IBNKhabar.com के Facebook पेज से जुड़ें। आप हमारे Twitter पेज को भी फॉलो कर सकते हैं।


IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!


अब IBN7 देखिए अपने आईपैड पर भी। इसके लिए IBNLive का आईपैड एप्स डाउनलोड कीजिए। बिल्कुल मुफ्त!






Categories:

0 comments:

Post a Comment