
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के नेताओं की करतूतें थमने का नाम नहीं ले रही। समाजवादी पार्टी के एक विधायक पर एक लड़की को अगवा कर घर में बंधक रखने का आरोप है। आरोपों के मुताबिक इस दौरान लड़की के साथ गैंगरेप भी किया गया। लड़की ने मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज करा दिया है। लेकिन अभी तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
आगरा में ये हंगामा समाजवादी पार्टी के विधायक हरिओम यादव के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हो रहा है। हरिओम यादव फिरोजाबाद जिले की सिरसागंज सीट से विधायक हैं। उन पर आगरा से बरामद हुई एक नाबालिग लड़की को घर में बंधक बनाकर रखने का आरोप है। इस लड़की को 13 नवंबर को आगरा से अगवा किया गया था। बाद में उसे 26 दिसंबर को शिकोहाबाद से बरामद किया गया। पुलिस का दावा है कि लड़की को रेलवे स्टेशन से बरामद किया गया जबकि लड़की का आरोप है कि उसे विधायक हरिओम यादव के घर पर बंधक बनाकर रखा गया था।
आरोपों के मुताबिक बंधक रखे जाने के दौरान लड़की के साथ गैंगरेप किया गया। पीड़ित का बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज हो चुका है। लड़की का आरोप है कि पुलिस ने मजिस्ट्रेट के सामने बयान दिलाने से पहले उसे और उसके परिवार वालों को धमकाया कि वो विधायक का नाम ना ले।
पुलिस ने इस मामले में विधायक पर हाथ डालना तो दूर, उन दो आरोपियों के खिलाफ भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है जिनका नाम पीड़िता ने अपने बयान में लिया है। ये दोनों विधायक के करीबी बताए जा रहे हैं। इन दोनों आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा भी दर्ज है। लड़की के मुताबिक इन दोनों आरोपियों ने उसके साथ बलात्कार किया। अभी तक हाथ पर हाथ धरे बैठी पुलिस भरोसा दिला रही है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। मामला सामने आने के बाद विधायक की गिरफ्तारी की मांग उठने लगी है। लेकिन आरोपों के घेरे में आए विधायक हरिओम यादव खुद को बेकसूर बताते हुए इसे विरोधियों की साजिश बता रहे हैं।
समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव पार्टी की बैठकों में कई बार कह चुके हैं कि कार्यकर्ता कानून-व्यवस्था को हाथ में न लें। लेकिन लगातार बढ़ती वारदातों को देखकर यही कहा जा सकता है कि पार्टी कार्यकर्ता मुलायम के आदेश पर अमल करने को तैयार नहीं है।
IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!
अब IBN7 देखिए अपने आईपैड पर भी। इसके लिए IBNLive का आईपैड एप्स डाउनलोड कीजिए। बिल्कुल मुफ्त!

No comments:
Post a Comment